
शिमला/चंबा | 10 जुलाई 2025:
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने आज शिमला स्थित अपने कार्यालय में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कूंर के भवन निर्माण और संपर्क मार्ग को लेकर शिक्षा एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ अहम बैठक की।
इस बैठक में पठानिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालय भवन निर्माण के लिए भवन का डिजाइन और विभागीय औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण की जाएं ताकि कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने जानकारी दी कि विद्यालय भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये की राशि पहले ही स्वीकृत की जा चुकी है, और जल्द ही निर्माण कार्य को धरातल पर उतारा जाएगा।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को कूंर संपर्क मार्ग के उन्नयन से संबंधित कार्यों को भी त्वरित गति से आरंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कूंर क्षेत्र के छात्रों की सुविधा और सुगमता के लिए भवन निर्माण एवं सड़क संपर्क दोनों अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में केवल सिंह पठानिया ने कूंर, छतराड़ी और आसपास के क्षेत्रों का दौरा किया था, जहां स्थानीय लोगों ने स्कूल भवन की कमी और संपर्क मार्ग की दयनीय स्थिति को लेकर अपनी समस्याएं उनके समक्ष रखी थीं।
इस बैठक में अतिरिक्त निदेशक शिक्षा जीवन कुमार, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग अनुज नाग, तथा अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।
उप मुख्य सचेतक ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा सुविधाएं और आधारभूत ढांचा प्रदान करने के लिए कटिबद्ध है। कूंर विद्यालय के भवन निर्माण से छात्रों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर वातावरण में शिक्षा ग्रहण करने का अवसर मिलेगा।
Deputy Chief Whip of Himachal Assembly, Kewal Singh Pathania, held a key meeting with education and PWD officials to fast-track the construction of the Govt. Sr. Sec. School building in Koonar (Chamba). ₹2 crore has been allocated, and officials were directed to complete the formalities quickly.







