
कांगड़ा, 11 जुलाई।
मानसून के आगमन के साथ जहां एक ओर खेतों में हरियाली छा जाती है, वहीं दूसरी ओर यह मौसम बच्चों की सुरक्षा के लिए कई तरह की चुनौतियां भी लेकर आता है। इन्हीं चिंताओं को ध्यान में रखते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन कांगड़ा ने जिले के सात स्कूलों में एक जागरूकता अभियान चलाया।
इस अभियान के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पठियार, रा. ब. मा. पा. हटवास, ज्ञान ज्योति स्कूल पठियार, विनायक पब्लिक स्कूल धड़म्भ, रा. उ. पा. धड़म्भ, तारा भवानी स्कूल वीरता और माउंट व्यू पब्लिक स्कूल जमानावाद में बच्चों, शिक्षकों और स्कूल स्टाफ को बरसात के मौसम में सुरक्षा और बाल अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
जिला समन्वयक मनमोहन चौधरी ने बच्चों को बताया कि गर्मी की छुट्टियों में वे नदी-नालों से दूर रहें और अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में जलजनित बीमारियों और प्राकृतिक आपदाओं का खतरा अधिक होता है, इसलिए सतर्क रहना जरूरी है।
कार्यक्रम में 1098 हेल्पलाइन नंबर की कार्यप्रणाली समझाई गई और बताया गया कि कोई भी बच्चा किसी प्रकार की परेशानी में इस नंबर पर कॉल कर सकता है। टीम के अन्य सदस्यों ने बच्चों को बाल विवाह, बाल मजदूरी, बाल यौन शोषण, घरेलू हिंसा, मानसिक उत्पीड़न और सुरक्षित-असुरक्षित स्पर्श की जानकारी दी।
बच्चों को यह भी बताया गया कि वे नशीले पदार्थों, सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों और अनजान व्यक्तियों से दूरी बनाए रखें। लड़कियों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी गई कि यदि कोई उनके साथ छेड़छाड़, गंदी टिप्पणियां, या अश्लील सामग्री साझा करता है, तो वे तुरंत 1098 पर कॉल करें।
कार्यक्रम में लगभग 1000 बच्चों ने भाग लिया और उन्हें पुरस्कार, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, व भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से भी जागरूक किया गया। स्कूलों की अनुशासन व एंटी सेक्सुअल हरासमेंट कमेटियों ने भी सक्रिय सहभागिता दिखाई।
यह प्रयास न केवल बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करता है, बल्कि उन्हें उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग भी बनाता है।
Kangra, July 11:
In view of the monsoon season and school holidays, Child Helpline Kangra organized awareness camps in seven schools across the district to educate children about safety, health, and child rights.
More than 1,000 students participated in these sessions held at GSSS Pathiyar, Gyan Jyoti School, Vinayak Public School Dhadamb, Tara Bhawani School Virta, Mount View Public School Jamanabad, and others. The team advised students to stay away from rivers and streams, avoid drugs, and report any form of harassment on 1098 Child Helpline.
The team also educated children about unsafe touch, child labor, child trafficking, and online abuse, ensuring a safer environment for all.







