हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश – करियर प्वाइंट विश्वविद्यालय, हमीरपुर ने विद्यार्थियों के शारीरिक विकास और खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक 10 मीटर एयर राइफल शूटिंग रेंज की स्थापना की है। यह अत्याधुनिक रेंज राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाई गई है, जिसमें उच्च स्तरीय सुरक्षा और तकनीकी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।
छात्र निशानेबाजी में दिखा रहे उत्कृष्ट प्रदर्शन
शूटिंग रेंज के प्रशिक्षण से छात्रों को निशानेबाजी में प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त हो रहा है। हाल ही में हिमाचल प्रदेश की प्रथम प्री-स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में विश्वविद्यालय के सात निशानेबाजों ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। बी.फार्मेसी के आदर्श गुलेरिया ने रजत पदक तथा बीसीए के बादल ने कांस्य पदक जीतकर विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने दी बधाई
कुलपति डॉ. संजीव शर्मा, रजिस्ट्रार गुलशन सधूं और अन्य अधिकारियों ने छात्रों को शुभकामनाएं दीं और भविष्य की तैयारियों के लिए प्रोत्साहित किया। असिस्टेंट डायरेक्टर मिलिट्री ट्रेनिंग सेंटर, कुंदन लाल ने बताया कि यह प्रतियोगिता 9 से 12 जून तक शिमला में आयोजित हुई थी।







