
शिमला।
हिमाचल प्रदेश में प्रकृति की रक्षा और धार्मिक स्थलों की स्वच्छता के लिए कार्यरत हिमालयन ट्राइब फाउंडेशन ने एक बार फिर प्रशंसनीय पहल की है। संस्था 19 से 23 जुलाई तक श्रीखंड महादेव यात्रा मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाएगी, जिसमें 500 बोरियों में प्लास्टिक कचरा एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है।
फाउंडेशन के संस्थापक आरपी नेगी युल्लाम ने बताया कि यह अभियान धार्मिक पर्यटन के दौरान फैलने वाले प्लास्टिक कचरे को नियंत्रित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। पिछले वर्ष संस्था ने श्रीखंड यात्रा मार्ग को कचरा मुक्त बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। इस बार भी पार्वति कुंड और उसके आसपास के क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी।
आरपी नेगी ने बताया कि हाल ही में युला कंडा, भावा और रामपुर जैसे क्षेत्रों में भी सफाई अभियान चलाए गए, जिनसे पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ी। उन्होंने कहा कि “प्लास्टिक का पहाड़ बनने से पहले हमें हिमालय को बचाना होगा। हर वर्ष धार्मिक यात्राओं के दौरान छोड़ा गया प्लास्टिक कचरा इन पवित्र स्थलों की सुंदरता को नष्ट कर रहा है।”
उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य न केवल सफाई करना है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना भी है। “पर्यटकों और श्रद्धालुओं को चाहिए कि वे प्लास्टिक का न्यूनतम उपयोग करें और कूड़ा खुले में न फेंकें।” उन्होंने प्रदेश की जनता और युवाओं से इस अभियान से जुड़ने की अपील की है ताकि एक सामूहिक प्रयास से हिमालय को स्वच्छ रखा जा सके।
Himalayan Tribe Foundation to conduct a special cleaning drive on the Shrikhand Mahadev Yatra route from July 19 to 23, aiming to collect 500 sacks of plastic waste. Founder RP Negi Yullam appeals for public participation to protect sacred Himalayan sites.







