
हमीरपुर, 10 जुलाई।
हमीरपुर जिला पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ‘वॉर अगेंस्ट ड्रग्स’ अभियान यानी ‘एक युद्ध नशे के विरुद्ध’ अब प्रत्यक्ष परिणाम दिखा रहा है। जिला पुलिस अधीक्षक भगत सिंह ठाकुर ने गुरुवार को टाउन हॉल में आयोजित दूसरे चरण के शुभारंभ अवसर पर बताया कि यह अभियान 15 अक्तूबर 2023 से आरंभ हुआ था और इसके तहत स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों और स्थानीय समुदायों तक पहुंच कर नशे के प्रति जागरूकता लाई गई।
एसपी ठाकुर ने बताया कि जिला पुलिस ने इस दौरान कई बड़े नशा तस्करों को पकड़ा है और चिट्टा (हेरोइन) की बरामदगी में इस वर्ष 6 गुना वृद्धि दर्ज की गई है। इसके साथ ही नशे के आदि लोगों की पहचान के लिए ड्रग टेस्टिंग किट्स से अब तक 280 लोगों की जांच की गई, जिनमें से 125 लोग संदिग्ध पाए गए हैं। इन्हें या तो जेल में या नशा निवारण केंद्रों में रखा गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार की पहल के अनुसार 41 स्कूलों को जिला पुलिस अधिकारियों द्वारा गोद लिया गया है, ताकि विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन और संरक्षण मिल सके। उन्होंने सभी नागरिकों से इस अभियान में सहभागिता की अपील की और बताया कि समाज का सामूहिक प्रयास ही नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई को सफल बना सकता है।
इस अवसर पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में हमीरपुर के 10 स्कूलों के 20 विद्यार्थियों ने भाग लिया। हिम अकादमी पब्लिक स्कूल विकासनगर के सादिक ने पहला स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान शिरीन (हिम अकादमी) और काशवी धीमान (डीएवी) को मिला जबकि तीसरा स्थान लक्षिता (सुपर मैग्नेट स्कूल) को मिला। निर्णायक मंडल में डॉ. मुकुल शर्मा, डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह और गूंजन संस्था की समाक्षी शामिल रहीं।
Hamirpur Police’s anti-drug campaign ‘War Against Drugs’ shows strong results with a sixfold increase in chitta seizures. Over 125 drug-affected individuals identified via testing. School awareness drives and competitions are shaping young minds for a drug-free future.







