best news portal development company in india

आपदा में राहत योद्धा बने होमगार्ड जवान, सराज के कटे गांवों तक पैदल पहुंचाई जीवनरक्षक सामग्री

SHARE:

होमगार्ड जवान पैदल यात्रा कर सराज क्षेत्र के दुर्गम गांवों में राहत सामग्री पहुंचाते हुए।
होमगार्ड जवान पैदल यात्रा कर सराज क्षेत्र के दुर्गम गांवों में राहत सामग्री पहुंचाते हुए।
होमगार्ड जवान पैदल यात्रा कर सराज क्षेत्र के दुर्गम गांवों में राहत सामग्री पहुंचाते हुए।

मंडी, 10 जुलाई 2025।
सराज विधानसभा क्षेत्र की भीषण प्राकृतिक आपदा में जब सड़कें, संचार और साधन सब बंद हो गए, तब होमगार्ड के जवान सेवा और समर्पण की मिसाल बनकर सामने आए। कंपनी कमांडर प्रदीप कुमार और प्लाटून कमांडर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में 25 जवानों की एक टुकड़ी ने 3 जुलाई से 10 जुलाई तक ऐसे गांवों में राहत सामग्री पहुंचाई, जहां सड़कें पूरी तरह से तबाह हो चुकी थीं।

इन जवानों ने प्रतिदिन 30 से 35 किलोमीटर का पैदल सफर तय कर सुराह, जंजैहली, रूसाड़, पांडवशीला, चयुणी, राहकोट, बलैंडा, भदरेच, भरेड़, करसोनी, शिल्ली, वुखलौड़, नलौहटी, पखरैर और डेजी जैसे दुर्गम गांवों तक अपनी पीठ पर राहत सामग्री ढोकर पहुंचाई।

इन राहत प्रयासों के अंतर्गत कुल 129 राशन किट, 20 हाईजीन किट, 18 मेडिकल किट और 12 तिरपाल जरूरतमंद परिवारों को वितरित किए गए। करसोनी गांव तक पहुंचने के लिए जवानों ने 20 किलोमीटर और चयुणी के लिए 18 किलोमीटर का एकतरफा पैदल रास्ता तय किया।

रैनगलू हैलीपैड से थुनाग और बगस्याड़ से थुनाग तक भी राहत सामग्री को पैदल ढोया गया। कंपनी कमांडर प्रदीप कुमार ने बताया कि जब तक सड़कों की बहाली नहीं हो जाती, राहत कार्य इसी प्रकार से जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह सेवा साहस, समर्पण और इंसानियत का जीवंत उदाहरण है।

आपदा के समय जब तमाम सुविधाएं विफल हो जाती हैं, तब ऐसे होमगार्ड जवान प्रशासन और जनता के बीच भरोसे का पुल बनकर काम करते हैं। ये राहत कार्य न केवल ज़रूरतमंदों को जीवनदान दे रहे हैं, बल्कि मानवीय सेवा का श्रेष्ठ उदाहरण भी प्रस्तुत कर रहे हैं।

In the disaster-struck Seraj region of Mandi, Home Guard personnel led by Commander Pradeep Kumar trekked 30-35 km daily to deliver essential relief supplies to isolated villages, setting an inspiring example of courage and service.

Poonam Kumari
Author: Poonam Kumari

Leave a Comment