
पुडवा (कांगड़ा), 12 जुलाई 2025।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पुडवा में आज चाइल्ड हेल्पलाइन कांगड़ा द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली बच्चों को बाल अधिकार, नशे की रोकथाम, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और साइबर सुरक्षा संबंधी विषयों पर जानकारी देना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के प्रधानाचार्य बी.आर. भट्ट ने की, जबकि चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला समन्वयक मनमोहन चौधरी ने जागरूकता सत्र को संबोधित किया। इस अवसर पर अध्यापकगण, अनुशासन समिति, एंटी सेक्सुअल हरासमेंट कमेटी, और स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य भी मौजूद रहे।
मनमोहन चौधरी ने बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 की कार्यप्रणाली की जानकारी दी और बताया कि किसी भी प्रकार के बाल शोषण, मानसिक प्रताड़ना, यौन हिंसा, बाल तस्करी, बाल विवाह, बाल मजदूरी या घरेलू हिंसा की स्थिति में इस नंबर पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने बच्चों को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श, साइबर बुलिंग, और ऑनलाइन फ्रॉड से सतर्क रहने के लिए आगाह किया। उन्होंने विशेष रूप से लड़कियों से कहा कि यदि कोई उन्हें पीछा करता है, आपत्तिजनक टिप्पणी करता है, या अश्लील सामग्री दिखाता है, तो डरने की बजाय तुरंत 1098 पर रिपोर्ट करें।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि कैसे सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक और सीमित उपयोग किया जाए और अनजान व्यक्तियों से गिफ्ट या लिफ्ट न लेने की सलाह दी गई। कार्यक्रम में करीब 100 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, गैर-शिक्षण स्टाफ और परामर्शदाता बलदेव ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
प्रधानाचार्य बी.आर. भट्ट ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों को आत्म-रक्षा, आत्म-जागरूकता और अधिकारों के प्रति सजग बनाते हैं। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन टीम को धन्यवाद दिया।
Child Helpline Kangra organized an awareness program at Govt. Sr. Sec. School Pudwa on child rights, cyber safety, drug prevention, and safe use of social media. Students were educated on using 1098 helpline in case of abuse, bullying or any form of harassment.







