
देवभूमि मिरर, हमीरपुर, 10 सितम्बर 2025।
भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग ने हिंदी पखवाड़े के उपलक्ष्य पर बुधवार को सलासी स्थित जिला भाषा अधिकारी कार्यालय एवं संस्कृति सदन में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं और कवि सम्मेलन का आयोजन किया। इस अवसर पर प्रश्नोत्तरी, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिताओं में जिले भर के 40 विद्यालयों के लगभग 120 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रश्नोत्तरी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौरी की कशिश प्रथम रही, जबकि निबंध लेखन में रावमापा गलोड़ की अर्षिता ने पहला स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में डीएवी स्कूल सलासी की काश्वी धीमान प्रथम स्थान पर रहीं। निर्णायक मंडलों में विभिन्न महाविद्यालयों के प्राध्यापकों ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
समारोह के दूसरे चरण में कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ साहित्यकार दलीप कुमार की अध्यक्षता में जिले के कई कवियों ने हिंदी और पहाड़ी भाषा में काव्य प्रस्तुत किए।
मुख्य अतिथि उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक डॉ. मोही राम चौहान ने विजेता विद्यार्थियों और हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया। अधिकारी वर्ग में होमगार्ड की दसवीं वाहिनी के आदेशक विनय कुमार और कर्मचारी वर्ग में जिला सांख्यिकी कार्यालय के सुभाष चंद को प्रथम पुरस्कार मिला।
इस अवसर पर जिला भाषा अधिकारी संतोष कुमार पटियाल ने विभाग की गतिविधियों की जानकारी दी और कहा कि हिंदी के संवर्द्धन और संरक्षण के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है।
On the occasion of Hindi Fortnight, the Department of Language, Art & Culture organized district-level competitions and a Kavi Sammelan at Hamirpur. Around 120 students from 40 schools participated in quiz, essay, and speech contests. Winners were felicitated by Deputy Director of Higher Education Dr. Mohi Ram Chauhan. Officials and employees who promoted Hindi in office work were also awarded. The event concluded with a Kavi Sammelan, where local poets presented Hindi and Pahari compositions, highlighting the cultural spirit of the region.







