
थुनाग, 09 जुलाई 2025 |
जिला मंडी के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाते हुए उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अपूर्व देवगन ने मंगलवार को थुनाग में समीक्षा बैठक की। उन्होंने बताया कि सड़क संपर्क बहाली को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे राहत सामग्री और आवश्यक सेवाएं प्रभावित गांवों तक शीघ्र पहुंच सकें।
उन्होंने कहा कि थुनाग से जरोल तक सड़क मार्ग अस्थायी रूप से बहाल कर दिया गया है। पांडव शिला और जंजैहली मार्गों को भी युद्ध स्तर पर बहाल किया जा रहा है। मंगलवार देर शाम तक जंजैहली तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।
राशन वितरण में राज्य खाद्य आपूर्ति निगम की बड़ी भूमिका
संयुक्त निदेशक पंचायती राज सुरेंद्र मोहन ने बताया कि हि.प्र. राज्य खाद्य आपूर्ति निगम द्वारा आपदा प्रभावित क्षेत्रों में 900 जरूरतमंद लोगों को 15 किलो की राशन किटें निःशुल्क वितरित की गई हैं। इन किटों में आटा, चावल, दालें, तेल, चीनी, मसाले आदि शामिल हैं।
उचित मूल्य की दुकानें लंबाथाच और थुनाग में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं, जहां स्थानीय निवासी और अन्य लोग भी राशन प्राप्त कर सकते हैं। खाद्य आपूर्ति विभाग को पीडीएस दुकानों को पुनः चालू करने के निर्देश दिए गए हैं।
आईटीबीपी व सेना भी राहत कार्यों में जुटी
मंगलवार को आईटीबीपी की दो टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर राहत सामग्री जैसे राशन, मेडिकल किट, हाईजीन किट इत्यादि वितरित की। इसके साथ ही, सेना की एक टीम ने ग्राम पंचायत धार जरोल के रुशाड़ गांव में आवश्यक सामग्री पहुंचाई। इन टीमों के साथ राजस्व विभाग के कर्मचारी और पोर्टर भी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य विभाग की तत्परता
स्वास्थ्य विभाग की 10 टीमों ने अब तक 1341 लोगों की जांच की, जिनमें से 270 लोगों को तत्काल चिकित्सकीय सहायता प्रदान की गई। मंगलवार को टीम ने महिधर, झुंडी, खुरारा, बिजवास गांवों में 150 लोगों की जांच की और 49 लोगों को दवाएं दीं।
एनडीआरएफ-एसडीआरएफ का ड्रोन से रेस्क्यू अभियान
एसडीआरएफ की टीम ने पंडोह से पटिकरी डैम तक लापता लोगों की खोज ड्रोन की मदद से की। एनडीआरएफ की दो टीमों द्वारा थुनाग खड्ड और लम्बाथाच क्षेत्र में सर्च अभियान जारी है।
Thunag, July 9, 2025:
DC Apoorv Devgan confirmed that road connectivity between Thunag and Jarol has been partially restored to speed up relief operations. 900 residents have received free ration kits from the State Food Supply Corporation.
Indian Army and ITBP teams are delivering food, medicine, and hygiene kits in remote villages. Meanwhile, SDRF and NDRF teams continue drone-assisted search operations for missing persons in rivers and flood-hit zones. Health teams have checked over 1300 villagers and provided treatment to 270.







