
मंडी, 09 जुलाई 2025।
जिला मंडी में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने 17 राहत शिविरों की स्थापना की है। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अपूर्व देवगन ने आज थुनाग में जानकारी देते हुए बताया कि ये राहत शिविर शहरी, ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में स्थित सरकारी भवनों में संचालित किए जा रहे हैं, जहां प्रभावितों को भोजन, ठहराव और आवश्यक सामग्री की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।
अपूर्व देवगन ने बताया कि प्रशासन और सरकार के सहयोग से इन राहत शिविरों में पीड़ितों को हर संभव सहायता पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में कई स्वयंसेवी संस्थाएं और समाजसेवी नागरिक आगे आकर प्रशासन के माध्यम से सहयोग की इच्छा जता चुके हैं।
QR कोड से भी कर सकते हैं सहयोग
उपायुक्त ने बताया कि जो व्यक्ति या संस्थाएं आपदा प्रभावितों की मदद करना चाहते हैं, वे डीसी मंडी के आधिकारिक फेसबुक पेज पर दिए गए क्यूआर कोड के माध्यम से, या जिला रेडक्रॉस सोसायटी के जरिए अपना आर्थिक योगदान दे सकते हैं।
इसके अलावा भोजन, कपड़े, घरेलू सामान जैसी वस्तुएं भ्यूली स्थित विपाशा सदन अथवा संचालित राहत शिविरों में भी दान की जा सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग श्रमदान करना चाहते हैं, वे उपायुक्त कार्यालय या संबंधित राहत शिविरों में इंसीडेंट कमांडर से संपर्क कर सकते हैं।
सभी वर्गों से सहयोग की अपील
अपूर्व देवगन ने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे इस आपदा की घड़ी में मानवता का परिचय देते हुए प्रभावितों की मदद के लिए आगे आएं। प्रशासन हरसंभव सहायता प्रदान कर रहा है लेकिन सामूहिक सहयोग से ही इस संकट को दूर किया जा सकता है।
17 Relief Camps Set Up in Mandi for Disaster Victims, DC Appeals for Public Support
Mandi, July 9, 2025 – In the wake of the recent natural calamity in Mandi, District Administration has set up 17 relief camps to support disaster-affected individuals. Deputy Commissioner Apoorv Devgan informed from Thunag that these camps are operational in government buildings across urban, rural, and remote areas of the district.
He urged individuals and organizations to contribute via the official DC Mandi Facebook page QR code or District Red Cross Society. Relief items can also be delivered at Vipasha Sadan, Bhuli, or at designated camps. Those interested in volunteering can contact the Incident Commander at any camp.







