
मंडी, 11 जुलाई 2025 |
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए न केवल स्थानीय नागरिक आगे आ रहे हैं, बल्कि देश के कोने-कोने से भी संवेदनशील लोग हाथ बढ़ा रहे हैं। इसी कड़ी में बेंगलुरु में रह रहे जम्मू निवासी सतिंदर गुप्ता ने अपने मित्र सुभाष पाल राम के माध्यम से मंडी जिला रेडक्रॉस सोसायटी को सहयोग राशि भेजी।
शुक्रवार को सुभाष पाल राम, जो कि एक सेवानिवृत्त अधिकारी हैं, ने मंडी जिला प्रशासन को 5,000 रुपये की सहायता राशि सौंपी। इस राशि में 3,000 रुपये सतिंदर गुप्ता द्वारा भेजे गए थे जबकि 2,000 रुपये सुभाष पाल राम ने स्वयं दान किए। यह सहायता राशि अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार को औपचारिक रूप से सौंपी गई।
इस अवसर पर डॉ. मदन कुमार ने दोनों नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दूर बैठे लोग जब आपदा की घड़ी में मदद के लिए आगे आते हैं, तो यह मानवीय करुणा और एकजुटता का अनमोल उदाहरण होता है। उन्होंने कहा कि यह राशि आपदा पीड़ितों की राहत और पुनर्वास कार्यों में उपयोग की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश में हाल ही में भारी बारिश और भूस्खलन के चलते जन-धन की भारी हानि हुई है। कई गांवों में सड़क संपर्क टूट चुका है और सैकड़ों परिवारों को अस्थायी राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी है। ऐसे में हर छोटी-बड़ी सहायता प्रदेशवासियों के लिए संजीवनी साबित हो रही है।
सुभाष पाल राम ने इस अवसर पर कहा, “यह समय एकजुट होकर अपने लोगों की मदद करने का है। मेरा प्रयास छोटा है, लेकिन उम्मीद है कि और लोग भी इस दिशा में प्रेरित होंगे।”
Sitting miles away in Bengaluru, Jammu native Satinder Gupta sent ₹3,000 to Mandi disaster victims through his friend, retired officer Subhash Pal Ram, who also contributed ₹2,000. The total ₹5,000 donation was handed over to the Mandi Red Cross.







